हरियाणा में इस शहर से कुछ ही दूरी पर है मंडरा रहे संकट के बादल, अलर्ट मोड पर प्रशासन

Old Coins Bazaar, New Delhi : हरियाणा के फतेहाबाद शहर से तबाही कुछ ही पलों की दूरी पर है। यहां शहर व आसपास के गांवों में बाढ़ का खतरा लगातार बढ़ता ही जा रहा है। बाढ़ का पानी आज सुबह फतेहाबाद के मुहाने पर आ चुका है। शहर की तरफ बाढ़ का पानी दो तरफ से बह रहा है। अहरवां की तरफ से टूटे रंगोई नाले का पानी अयालकी के खेतों को डूबाता हुआ अयालकी और फतेहाबाद के बीच पड़ने वाले रंगोई नाले के साथ लग गया है।
वहीं चिम्मो साईफन से निकला पानी और रजांबाद के पास ओवरफ्लो हुए रंगोई के पानी शेखुपुर सोतर, काताखेड़ी, धिड़, बोसवाल होते हुए माजरा की तरफ बह रहा है। दोनों तरफ का पानी आज शाम तक फतेहाबाद में पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। पानी को आता देख कर लोग भयभीत हैं और बचाव के प्रबंधों में जुट गए हैं।
ढाणियों से लोगों का पलायन
बाढ़ के पानी ने गांव रजांबाद, अयालकी, काताखेड़ी, धिड़, बोसवाल, ढाणी चानचक के खेतों को अपनी चपेट में ले लिया है। यहां प्रशासन ग्रामीणों की मदद से बांध बनाने में जुट गए हैं। इन गांवों की ढाणियों से लोग सुरक्षित ठिकानों पर पलायन कर रहे हैं।
हालांकि शहर ओर बाढ़ के बीच हाईवे बाइपास एक बांध का काम करेगा। यहां हाईवे के नीचे बने सारे साईफन पहले ही बंद कर दिए हैं, और जरूरत पड़ने पर हाईवे ओवर ब्रिज की क्रासिंग को बंद करने के लिए मिट्टी के कट्टे रखवा दिए हैं।
प्रशासन से ये मांग कर रहे हैं लोग
गांव अयालकी में लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि यहां सडक को बीच से खोद कर इस पानी को खान महोम्मद व झाड़ साहब की तरफ मोडा जाए ताकि पानी का लेवल कम हो सके।